विंध्य महोत्सव में गूंजेंगे देवी गीत और भजन, कथक व लोकनृत्य की भी होगी प्रस्तुति
- पंजाब के लोकगायक अनादि मिश्रा और मुंबई की रविंदर खुराना बिखेरेंगी कला के रंग, स्थानीय कलाकार भी होंगे शामिल
मीरजापुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी के धाम विंध्याचल में शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित विंध्य महोत्सव के पहले दिन रविवार को भक्ति संगीत, लोकगायन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के मार्गदर्शन में रोडवेज परिसर स्थित महोत्सव मंच पर शाम छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज होगा।
महोत्सव के पहले दिन पंजाब के प्रसिद्ध लोकगायक अनादि मिश्र अपनी टीम के साथ देवी गीतों और भजनों की प्रस्तुति देंगे। वहीं, मुंबई की मशहूर नृत्यांगना रविंदर खुराना लोकनृत्य के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। प्रयागराज से आईं दिव्या कथक नृत्य की प्रस्तुति देकर भारतीय शास्त्रीय नृत्य की छटा बिखेरेंगी।
कार्यक्रम में जनपद के स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। लोकप्रिय गायिका रानी सिंह, कल्पना गुप्ता, गणेश प्रसाद गुप्ता, आनंद कुमार, शांति निषाद, सूफिया बेगम, संतोष कुमार और सूरज कुमार लोकगायन, भजन एवं देवी गीत प्रस्तुत करेंगे।
नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को महोत्सव के माध्यम से भक्ति और संस्कृति का संगम देखने-सुनने का अवसर मिलेगा। विभिन्न प्रदेशों के कलाकारों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां विंध्य महोत्सव के मंच को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

