मीरजापुर: 800 मीटर की दूरी के लिए 17 किमी का चक्कर, अंडरपास की मांग पर ग्रामीणों का धरना
मीरजापुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। राजगढ़ बाजार से रामपुर 38 गांव जाने वाले संपर्क मार्ग पर रेलवे अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने चोपन-चुनार रेलमार्ग के किनारे अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन पर सुरक्षित क्रॉसिंग नहीं होने और दोहरीकरण के दौरान पुराना रास्ता बंद किए जाने से आवागमन की समस्या गंभीर हो गई है। उन्होंने मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने का ऐलान किया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, रामपुर-38, दूबेपुर, चौखड़ा, भागलपुर समेत दर्जनों गांवों के लोग लंबे समय से रेलवे लाइन पार कर आने-जाने को मजबूर हैं। राजगढ़ बाजार की सीधी दूरी करीब 800 मीटर होने के बावजूद अब बाजार पहुंचने के लिए लगभग 17 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। इससे लोगों को बाजार, अस्पताल, बैंक, स्कूल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे पोल संख्या 200/13 और 200/15 के बीच अंडरपास बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे और अन्य लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करते हैं। दोहरी रेललाइन होने के बाद दुर्घटना की आशंका और बढ़ सकती है। धरने पर बैठे पंकज पांडेय, महेश केसरी, मयंक मिश्रा, विजय पांडेय, प्रवेश मौर्य और बृजेश केसरी समेत सैकड़ों महिला-पुरुषों ने रेलवे प्रशासन से जल्द अंडरपास बनवाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

