गलत डिजाइन वाले पुल पर ग्रामीणों का विरोध, विधायकों ने काम रुकवाया

WhatsApp Channel Join Now
गलत डिजाइन वाले पुल पर ग्रामीणों का विरोध, विधायकों ने काम रुकवाया


मीरजापुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। अहरौरा-चकिया रोड स्थित मदारपुर गांव के पास गड़ई नदी पर बन रहे पुल के डिजाइन को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। बुधवार को दूसरी बार मौके पर पहुंचे मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल व चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने सैकड़ों ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुल का निर्माण ऊंचाई अधिक रखकर किया जा रहा है, जिससे दोनों ओर मिट्टी भरने के बाद दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाएगी। वर्तमान में पुल में दो ताखे बनाए जा रहे हैं, जबकि चार ताखे बनाए जाने से ढलान कम होगी और आवागमन सुरक्षित रहेगा।

मौके पर मौजूद दोनों जिलों के अभियंताओं—एई भूपेंद्र सिंह, पंकज कुमार व सुनील मौर्य ने दोनों तरफ पाइप डालने का प्रस्ताव रखा, जिसे ग्रामीणों ने सिरे से खारिज कर दिया। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए दोनों विधायकों ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर पुल के डिजाइन में संशोधन की बात रखेंगे। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जब तक नया निर्णय नहीं होता, तब तक पुल के दोनों किनारों पर मिट्टी भरने का कार्य स्थगित रखा जाए। मौके पर आसपास के कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सुरक्षित निर्माण की मांग पर अड़े रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story