राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढे के मरम्मत की मांग ग्रामीणाें ने उठाई

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढे के मरम्मत की मांग ग्रामीणाें ने उठाई


वाराणसी, 14 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी-भदोही के बीच बने राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति मानसून की पहली वर्षा में खराब हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोहता से जंसा, कपसेठी की ओर कुछ दूर चलने पर छोटे बड़े गड्ढे हो गए है। स्थानीय लोगों की माने तो वाराणसी से भदोही को जोड़ने वाले इस राष्ट्रीय राजमार्ग को बने अभी दो वर्ष भी नहीं बीते है और चार स्थानों पर गड्ढे हाे गए, जिसकी मरम्मत बहुत जल्द होनी चाहिए।

वाराणसी से भदोही राष्ट्रीय राजमार्ग से विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों कपसेठी, नेवादा, सिरिहिरा, गजेपुर, मटुका, नोनखरा, गोराई, बड़ौरा, जंसा, कुरौना की बड़ी आबादी जुड़ती है। यहां के लोगों का प्रतिदिन सुबह शाम इस मार्ग से आना जाना होता है। वाराणसी शहर से लोहता होते हुए जंसा और इसके बाद कपसेठी तक बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रोजी रोजगार के लिए आते जाते रहते हैं।

जंसा निवासी किसान नेता रामदुलार ने कहा कि दो पहिया वाहन से चलने पर गड्ढे दिखाई देने पर वह धीमी गति करके निकल जाते हैं। इसी जगह बड़ी गाड़ियों की रफ्तार ज्यादा होने पर उनको झटके से ब्रेक लेना पड़ता है। नहीं तो बड़ी घटना होना तय है। बीते दिनों ग्रामीणों को ले जा रहे ई-रिक्शा के पलटने की घटना हो चुकी है।

जंसा निवासी दुकानदार राहुल ने कहा कि उनकी छोटी सी एक दुकान है। उनके दुकान के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग बना है, जिस पर गड्ढे हो गए हैं। जिसमें वर्षा का जल भर जाने से वाहन चालकों को बेहद कठिनाई होती है। वह भी आते जाते कठिनाई का सामना करते हैं। उनकी मांग है कि राष्ट्रीय राजमार्ग को तत्काल मरम्मत कराया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story