अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ पर भड़का गांव, एसडीएम के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला

WhatsApp Channel Join Now
अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ पर भड़का गांव, एसडीएम के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला


मीरजापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चुनार-वाराणसी मार्ग पर नकहरा गांव के पास हाईवे किनारे स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रतिमा की एक उंगली टूटी मिलने पर लोगों में आक्रोश फैल गया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल विजय शंकर सिंह पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण उपजिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसडीएम राजेश कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के बाद ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अराजक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story