सड़क हादसे में ग्राम सचिव की मौत, ब्लॉक कर्मियों में शोक की लहर

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में ग्राम सचिव की मौत, ब्लॉक कर्मियों में शोक की लहर


मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। विकास खंड जमालपुर में तैनात ग्राम सचिव अरुण कुमार शुक्ला (46) की गुरुवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनके आकस्मिक निधन से ब्लॉक कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि छानवे विकास खंड के पट्टी बघौड़ा निवासी अरुण कुमार शुक्ला दोपहर करीब 12 बजे बाइक से किसी कार्य से प्रयागराज जा रहे थे। जैसे ही वह मांडा क्षेत्र में पहुंचे, एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। वह हसौली, करजी, धोबही और सकरौड़ी ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिव के पद पर तैनात थे और अपने कार्यों के प्रति कर्तव्यनिष्ठ माने जाते थे।

उनके निधन पर बीडीओ रक्षिता सिंह, ग्राम सचिव संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह समेत अनेक अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story