गांव की बेटी ने भरी उड़ान: लूसा की छात्रा बेंगलुरु साइंस विजिट को रवाना
मीरजापुर, 23 मार्च (हि.स.)। राजगढ़ विकास खंड के कम्पोजिट विद्यालय लूसा की कक्षा 8 की छात्रा अवंतिका सिंह ने ऐसा कमाल कर दिखाया कि पूरा गांव गर्व से झूम उठा। विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने के बाद उनका चयन बेंगलुरु में होने वाली विज्ञान एक्सपोजर विजिट के लिए हुआ है।
सोमवार को जब अवंतिका बेंगलुरु के लिए रवाना हुईं, तो गांव में मानो उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तिलक लगाकर, माला पहनाकर और बाजे-गाजे के साथ बेटी को विदा किया। हर किसी की जुबां पर एक ही बात थी—हमारी बिटिया अब आसमान छूने चली है।
बताया गया कि अवंतिका सिंह ने जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि पर महानिदेशक, स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश की ओर से उन्हें हवाई यात्रा के जरिए चार दिवसीय बेंगलुरु विजिट के लिए भेजा गया है। इस कार्यक्रम में वाराणसी, विंध्याचल और प्रयागराज मंडल के चयनित छात्र-छात्राएं भी शामिल हो रहे हैं।
ग्राम प्रधान अर्चना समेत ग्रामीणों ने कहा कि अवंतिका ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। साधारण स्कूल में पढ़कर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशि शेखर पटेल और शिक्षकों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। गांव की गलियों से उठकर विज्ञान की दुनिया तक पहुंचने वाली इस बेटी की उड़ान अब पूरे जनपद के लिए प्रेरणा बन गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

