गांव को मिली खेलों की नई सौगात, युवाओं के सपनों को मिलेगी उड़ान

WhatsApp Channel Join Now
गांव को मिली खेलों की नई सौगात, युवाओं के सपनों को मिलेगी उड़ान


- 13.50 लाख की लागत से बने मिनी स्टेडियम का अनुप्रिया पटेल ने किया लोकार्पण

मीरजापुर, 07 जून (हि.स.)। अब गांव के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विकास खंड पहाड़ी के दूबेपुर-बसारी गांव में रविवार को ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने वाले मिनी खेल स्टेडियम का उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने फीता काटकर किया।

मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत करीब 13.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस मिनी स्टेडियम को ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस परिसर में वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम, बैडमिंटन कोर्ट तथा सुरक्षा के लिए चारों ओर जाली की व्यवस्था की गई है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि गांवों में खेल सुविधाओं का विकास युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का आधार भी है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को मजबूत करने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने युवाओं से स्टेडियम का बेहतर उपयोग करने और खेलों के माध्यम से जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय युवाओं में भी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने इस पहल का स्वागत किया।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी बबिता सिंह, ब्लॉक प्रमुख इंद्र बहादुर पांडेय, दुर्गेश पटेल, राधेश्याम पटेल, ग्राम प्रधान दीपक कुमार वर्मा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी मनोज कुमार बिंद, इंजीनियर राजकुमार वर्मा, सहायक विकास अधिकारी महेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ग्रामीणों का मानना है कि यह मिनी स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा और गांव में खेलों के प्रति रुचि को बढ़ावा देगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story