विजयादशमी पर बौद्ध महोत्सव की खुशियां मातम में बदलीं, वाहन से दबकर मासूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now
विजयादशमी पर बौद्ध महोत्सव की खुशियां मातम में बदलीं, वाहन से दबकर मासूम की मौत


- बैक करते समय हादसा, डेढ़ वर्षीय नाती की मौत से महोत्सव के कार्यक्रम रद्द

मीरजापुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत बेलाही गांव में विजयादशमी के दिन बौद्ध महोत्सव की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। महोत्सव के आयोजक राधेश्याम मौर्य के वाहन से दबकर उनके डेढ़ वर्षीय नाती दक्ष मौर्य की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम की मौत के बाद महोत्सव के सभी कार्यक्रम रोक दिए गए।

बेलाही गांव में प्रत्येक वर्ष की तरह विजयादशमी पर बौद्ध महोत्सव आयोजित किया जाना था। इसे लेकर तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान राधेश्याम मौर्य अपना वाहन बैक कर रहे थे। तभी उनका डेढ़ वर्षीय नाती दक्ष वाहन की चपेट में आ गया। वाहन से दबकर मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

महोत्सव में तीन हजार से अधिक लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई थी। भोजन के बाद जुलूस भी निकाला जाना था। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल था, लेकिन हादसे ने सभी को झकझोर दिया। मासूम की मौत से आयोजक परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

दक्ष की मां की शादी देहात कोतवाली क्षेत्र के चौसा गांव में हुई थी। वह अपने बेटे के साथ इन दिनों मायके बेलाही में थी। घटना की जानकारी मिलने पर चौसा गांव से परिजन बेलाही पहुंचे और मासूम के शव को लेकर वापस चौसा चले गए। घटना के संबंध में लहंगपुर चौकी प्रभारी ने जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। इसके चलते घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764071 Articles

Share this story