लाइनमैन की करंट लगने से मौत, परिजनों ने किया हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
लाइनमैन की करंट लगने से मौत, परिजनों ने किया हंगामा


फिरोजाबाद, 28 मई (हि.स.)। थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत बृहस्पतिवार को विद्युत पोल पर काम करते समय एक संविदाकर्मी विद्युत लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। आरोप है कि शटडाउन लेने के बावजूद बिजली लाइन में करंट आने से हादसा हुआ है। गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने बिजलीघर का घेराव कर हंगामा किया। पुलिस ने समझाकर शांत किया।

थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला सावंती निवासी रवि जसराना देहात विद्युत घर पर लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। वह बृहस्पतिवार को गांव नगला मनी के पास खराब विद्युत लाइन को ठीक करने गए थे। विद्युत पोल पर काम करते समय अचानक विद्युत लाइन में करंट आने से रवि को करंट लग गया। जिससे वह बुरी तरह से झुलस गया। घटना से अफरा तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। गंभीर रूप से झुलसे रवि को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से नाराज ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने जसराना बिजली ऑफिस का घेराव कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का कहना था कि रवि विद्युत विभाग में संविदा लाइनमैन था और वह शटडाउन लेकर लाइन पर काम कर रहा था लेकिन विद्युत कर्मियों की लापरवाही के कारण लाइन में करंट आने से रवि की मौत हुई है। उन्होंने लापरवाह कर्मियों और पर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और गुस्साए लोगों को समझबुझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजन व ग्रामीण माने। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लेकर आई है।

इस सम्बन्ध में इंस्पेक्टर राजेश पांडे ने बताया कि परिजनों को समझा बुझाकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story