महिला आरक्षण पर भाजपा की नीति और नीयत दोनों गड़बड़ : डॉ पल्लवी पटेल
महिला आरक्षण पर विधानसभा के विशेष सत्र में पल्लवी पटेल ने भाजपा सरकार को घेरा
लखनऊ, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को आयोजित एक दिवसीय विशेष सत्र में महिला आरक्षण पर अपना दल (कमेरावादी) पार्टी की नेता एवं सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि महिला आरक्षण पर चर्चा करने से पहले हमें यह समझना होगा कि महिलाओं और खासकर वंचित समुदाय से आने वाली महिलाओं के प्रति भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीति और नीयत दोनों ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि सत्य बात तो यह है कि भाजपा सरकार महिलाओं को कोई भी आरक्षण देना ही नहीं चाहती है, इसलिए इसे परिसीमन और जनगणना जैसे प्रश्नों के साथ जोड़कर लंबित कर रही हैं। यदि उनकी नीयत सही होती तो यह भाजपा सरकार 2023 के पारित विधेयक के अग्रिम कार्यवाहियों को आगे बढ़ाती, हम सबने देखा कि इतना समय बीत जाने के बाद भी कोई नोटिफिकेशन गजट नहीं किया गया। आज देश के साथ ही उत्तर प्रदेश की महिलाएं वर्तमान भाजपा सरकार से पूछ रही हैं कि वर्ष 2023 में पारित होने के बाद भी महिला आरक्षण को लागू करने के संदर्भ में पहल क्यों नहीं की गई ?
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

