विद्युत करंट लगने से लाइनमैन की मौत, परिजनाें ने विभाग के खिलाफ व्यक्त किया आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now

फिरोजाबाद, 15 अगस्त (हि.स.)। थाना नारखी क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार को बिजली की लाइन ठीक करते समय करंट लगने से एक विद्युतकर्मी की मौत हो गई। परिजनों ने विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए परिवार को मदद और कार्रवाई की मांग की है।

थाना नारखी क्षेत्र के गांव नयावांस असन निवासी भूरी सिंह इसी थाना क्षेत्र के गांव नगला सोंठ स्थित विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैन के पद पर कार्य करते थे। शनिवार को वह विद्युत लाइन में आई खराबी को ठीक करने के लिए मौके पर पहुंचे थे। भूरी सिंह विद्युत लाइन के पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पोल से नीचे गिर पड़े। पोल से नीचे गिरने के बाद भूरी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण व परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना तुरंत उनके परिजनों और पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं परिजनों ने विद्युत विभाग की लापरवाही से मौत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई व परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है।

इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी नारखी का कहना है घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story