निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर कुलपति नाराज, 15 अक्टूबर तक भवन तैयार करने का दबाव

WhatsApp Channel Join Now
निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर कुलपति नाराज, 15 अक्टूबर तक भवन तैयार करने का दबाव


- औचक निरीक्षण में प्रशासनिक व शैक्षिक भवनों में कई काम अधूरे मिले

मीरजापुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने शनिवार को परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। प्रशासनिक भवन, शैक्षिक भवन और शिक्षकों के आवास समेत विभिन्न निर्माणाधीन स्थलों का जायजा लेते हुए उन्होंने कार्य की प्रगति और गुणवत्ता देखी। कई काम अधूरे मिलने पर कुलपति ने नाराजगी जताई और तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए।

निर्माण से जुड़े अधिकारियों ने विश्वविद्यालय भवन 15 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

हालांकि निरीक्षण में काम की स्थिति अपेक्षित समय में भवन तैयार होने पर सवाल खड़े करती दिखी।

प्रशासनिक भवन के सामने शीशे नहीं लगे थे। विद्युत व्यवस्था पूरी नहीं हुई थी और सफाई का काम चल रहा था। भवन में फर्नीचर भी पूरा नहीं लगाया गया था। कई जगह पत्थर की टाइलें टूटी मिलीं।

शैक्षिक भवन में तीन कक्षाओं में ही फर्नीचर लगाया गया था, जबकि अन्य कमरों में काम जारी था। स्मार्ट क्लासरूम में फर्नीचर नहीं लगा था। प्रयोगशाला समेत कई जरूरी कार्य भी अधूरे मिले।

कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुलसचिव रामनारायण, वित्त अधिकारी गिरीश समेत शिक्षक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story