विहिप के कार्यकर्ताओं ने हवन पूजन के साथ धूमधाम से मनाई बाल्मीकि जयंती
बाराबंकी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में साेमवार काे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा महाकाव्य रामायण के रचयिता, आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। राम नगर में विश्व हिन्दू परिषद जिला मंत्री राहुल कुमार ने महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया और कहा कि महर्षि वाल्मीकि केवल रामायण के रचयिता नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता के प्रथम संदेशवाहक थे।
उन्होंने समाज के वंचित वर्ग के लोगों को ऊपर उठाकर ज्ञान के शिखर तक पहुँचाकर यह सिद्ध किया कि ज्ञान जाति से नहीं कर्म से मिलता है। भगवान राम के चरित्र को जन-जन तक पहुँचाने वाले आदिकवि वाल्मीकि जी के आदर्शों पर चलकर ही हिंदू समाज संगठित होगा। इस अवसर पर हनुमान चालीसा, हवन, भजन - कीर्तन एवं प्रसाद वितरण किया गया। आदिकवि, रामायण के रचयिता, सामाजिक समरसता के प्रतीक महर्षि वाल्मीकि जिनकी लेखनी से हमें मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्श मिले।
इस अवसर पर विहिप के कार्यकर्ताओं ने वाल्मीकि मंदिर समिति के अध्यक्ष राजू वाल्मीकि,अमित वाल्मीकि, विनय वाल्मीकि व करन आदि को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित भी किया । उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव, एकता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर पूज्य संत स्वामी कृष्णानंद महाराज, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता रमाकांत वर्मा एसपी शुक्ला,गुड्डू सोनी श्रीकांत मिश्रा गोलू त्रिपाठी अधिवक्ता दिव्य प्रकाश शुक्ला विमल त्रिवेदी सनी मिश्रा सरवन कुमार करन कुमार वर्मा पवन सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस प्रकार सभी तहसीलाें में यह आयाेजन किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

