धर्मांतरण पर सख्त कानून की मांग, विहिप ने जताई चिंता

WhatsApp Channel Join Now
धर्मांतरण पर सख्त कानून की मांग, विहिप ने जताई चिंता


मीरजापुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने अवैध धर्मांतरण को लेकर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से देशभर में कड़ा कानून लागू करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यह मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है और राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा है।

विहिप के विभाग मंत्री रामचन्द्र शुक्ल ने कहा कि हाल के दिनों में युवाओं को निशाना बनाकर धर्म परिवर्तन कराने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संस्थानों और लोगों के माध्यम से इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

विज्ञप्ति में कहा गया कि कई मामलों में युवाओं को बहलाकर या दबाव डालकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है, जो एक संगठित प्रयास प्रतीत होता है। विहिप ने ऐसे मामलों की गहन जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

संगठन ने कहा कि यह समस्या अब क्षेत्रीय न रहकर राष्ट्रीय स्तर पर फैल रही है, इसलिए सभी राज्यों में एक समान सख्त कानून लागू किया जाना चाहिए। साथ ही समाज से सतर्क रहने और जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story