सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता के जरिए गांव-गांव तक पहुंचेगा विहिप का अभियान

WhatsApp Channel Join Now
सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता के जरिए गांव-गांव तक पहुंचेगा विहिप का अभियान


- अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी पर हित चिंतक अभियान शुरू, संगठन और राष्ट्रसेवा के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प

मीरजापुर, 23 नवंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद ने अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर हित चिंतक अभियान की शुरुआत की। सोमवार को महंथ शिवाला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संतों, धर्माचार्यों और नागरिकों ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता के कार्यों को गांव-गांव तक विस्तार देने पर जोर दिया।

मुख्य वक्ता विहिप के प्रांत संगठन मंत्री राजेंद्र ने कहा कि अशोक सिंघल का जीवन संगठनात्मक निष्ठा, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक रहा। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा और हिंदू समाज के संगठन के लिए समर्पित किया। वर्ष 1981 में विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद संगठन के विस्तार और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत बौद्धिक प्रमुख प्रो. कुलदीप ने कहा कि शरीर नश्वर है, लेकिन विचार अमर रहते हैं। अशोक सिंघल का जीवन त्याग, तपस्या और अनुशासन की प्रेरणा देता है। विहिप जिलाध्यक्ष हरिशंकर ने अभियान के तहत समाज को संगठित करने और सेवा-संस्कार के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और श्रीराम जय राम के उद्घोष के साथ हुआ। अध्यक्षता परमेश्वर मौर्य और संचालन महेश तिवारी ने किया। इस दौरान विहिप और संघ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story