पूर्वांचल विश्वविद्यालय के संविदा व अतिथि शिक्षकों की बैठक, कुलपति ने संकाय काे नई ऊंचाइयों पर ले जाने का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के संविदा व अतिथि शिक्षकों की बैठक, कुलपति ने संकाय काे नई ऊंचाइयों पर ले जाने का किया आह्वान


जौनपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने इंजीनियरिंग संस्थान के शिक्षकों से शिक्षण की गुणवत्ता, शोध और नवाचार को बढ़ावा देकर संकाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्थान की प्रगति के लिए सभी को छात्रहित और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सामूहिक प्रयास करना होगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में शनिवार देर शाम इंजीनियरिंग संस्थान के संविदा एवं अतिथि प्रवक्ताओं की बैठक हुई। इसमें शिक्षण की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम के आधुनिकीकरण, शोध, प्रोजेक्ट वर्क और विद्यार्थियों के कौशल विकास पर चर्चा की गई। कुलपति ने कहा कि बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सुरक्षा और आधुनिक तकनीक से जुड़े विषयों को शामिल करना जरूरी है। इसके लिए प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों का अध्ययन कर उपयोगी बदलाव सुझाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित कक्षाओं, शोध कार्यों और प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण पर भी जोर दिया।

विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। विद्यार्थियों में अध्ययन की आदत विकसित करने, उन्हें पुस्तकालय से जोड़ने और विश्वविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की जरूरत है। कुलपति ने युवा शिक्षकों से अपनी क्षमताओं का उपयोग करते हुए संस्थान के विकास में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने संविदा एवं अतिथि शिक्षकों की कार्यनिष्ठा की सराहना करते हुए सभी से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और विश्वविद्यालय की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story