वर्ष प्रतिपदा उत्सव पर संघ का पथ संचलन, राष्ट्रभक्ति और संगठन पर दिया गया जोर

WhatsApp Channel Join Now
वर्ष प्रतिपदा उत्सव पर संघ का पथ संचलन, राष्ट्रभक्ति और संगठन पर दिया गया जोर


मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। जिगना क्षेत्र के बिहसड़ा ग्राम स्थित महाशक्ति इंटर कॉलेज के खेल मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छानबे खंड द्वारा वर्ष प्रतिपदा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार व दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम में विभाग प्रचारक कौशल किशोर ने कहा कि इतिहास उन्हीं लोगों को याद रखता है, जो देश, धर्म और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें गर्व से अपनी पहचान स्वीकार करनी चाहिए।

उत्सव संयोजक वीरेंद्र तिवारी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भारत माता की रक्षा और समाज के उत्थान के लिए संगठन और राष्ट्रभक्ति आवश्यक है। जब-जब समाज में जागरण हुआ है, तब-तब चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह और रानी लक्ष्मीबाई जैसे वीरों ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।

उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य संगठित समाज के माध्यम से देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। इस दौरान प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेला का उल्लेख करते हुए बताया गया कि इसमें करोड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन स्थापित किया।

कार्यक्रम के उपरांत बिहसड़ा से अनुशासित पथ संचलन निकाला गया, जो जिगना और बदेवरा होते हुए पुनः इंटर कॉलेज परिसर में आकर संपन्न हुआ। इस अवसर पर विहिप के जिलाध्यक्ष माता सहाय मिश्र, स्वामीनाथ सिंह, राजेंद्र पाठक, इंद्र कुमार सिंह, जय सिंह, संतोष पाठक, प्रीतेश सिंह, कवि सिंह, रमेश उर्फ शिंपू सिंह, अनिल पांडेय, रवीश अग्रहरि व लक्ष्मीनारायण मौर्य सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story