मीरजापुर : रोमांचक फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड ने सिकरी को 29-12 से दी शिकस्त
- आखिरी तक छाए रहा मुकाबले का रोमांच, 44 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
मीरजापुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में जमालपुर क्षेत्र के सलामतपुर गांव में रविवार से चल रही कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार सुबह रोमांचक अंदाज में खेला गया। उत्तराखंड और सिकरी की टीमों के बीच हुए मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार दांव-पेच दिखाए। हर अंक के साथ मैदान के बाहर मौजूद दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया। आखिरकार उत्तराखंड की टीम ने 29-12 के अंतर से सिकरी को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
सरदार बल्लभभाई पटेल स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में कुल 44 टीमों ने प्रतिभाग किया। विजेता उत्तराखंड टीम को ट्रॉफी, ट्रैक सूट और 15 हजार रुपये तथा उपविजेता सिकरी टीम को ट्रॉफी, ट्रैक सूट और 10 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया गया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अंकित सिंह पटेल ने फीता काटकर किया। मुकाबलों के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पर जुटे रहे और खिलाड़ियों का तालियों व उत्साहवर्धन से हौसला बढ़ाते रहे।
इस दौरान जोशी पटेल, किशन पटेल, पंकज पटेल, गुड्डू, कमलेश सिंह, राम आशीष, अशोक कुमार समेत बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

