अनियमित खानपान और मोटापे के कारण तेजी से बढ़ रहा यूरिक एसिड : डॉ. अम्बरीष कुमार राय

WhatsApp Channel Join Now
अनियमित खानपान और मोटापे के कारण तेजी से बढ़ रहा यूरिक एसिड : डॉ. अम्बरीष कुमार राय


वाराणसी, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में दी होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया में उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष डॉ. अम्बरीष कुमार राय ने कहा कि यूरिक एसिड की समस्या में जोड़ों के दर्द को नजरअंदाज न करें। समय पर पहचान और उपचार जरूरी है। खानपान और जीवनशैली में बदलाव के साथ होम्योपैथिक चिकित्सा की भूमिका पर भी कार्य आवश्यक है। आज की बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान, शारीरिक गतिविधियों में कमी और मोटापे के कारण यूरिक एसिड की समस्या तेजी से देखने को मिल रही है।

वाराणसी में भोजूवीर स्थित क्लिनिक में डॉ. अम्बरीष कुमार राय ने कहा कि पैरों के अंगूठे, घुटनों, टखनों और हाथों के जोड़ों में दर्द होने पर अक्सर लोग इसे सामान्य दर्द समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि कई बार इसका संबंध यूरिक एसिड बढ़ने और गाउट नामक बीमारी से हो सकता है।

उन्हाेंने कहा कि यूरिक एसिड क्या है, इसे समझना भी जरूरी है। यूरिक एसिड शरीर में प्यूरीन नामक पदार्थ के टूटने से बनने वाला अपशिष्ट पदार्थ है। सामान्यतः किडनी इसे पेशाब के माध्यम से शरीर से बाहर निकालती है। जब इसका निर्माण अधिक होता है या किडनी इसे पर्याप्त मात्रा में बाहर नहीं निकाल पाती, तब रक्त में इसका स्तर बढ़ जाता है। इस स्थिति को हाइपरयूरिसीमिया कहते हैं। हालांकि यूरिक एसिड बढ़ने का अर्थ हमेशा गाउट होना नहीं है। कुछ लोगों में कोई लक्षण नहीं होते, जबकि अन्य में इसके क्रिस्टल जोड़ों में जमा होकर दर्द, सूजन और लालिमा पैदा कर सकते हैं।

डॉ. अम्बरीष ने बताया कि यूरिक एसिड बढ़ने के प्रमुख कारण अत्यधिक मांसाहार, विशेषकर कलेजी और अन्य अंगों के मांस का सेवन, शराब, विशेषकर बीयर सेवन, मोटापा और शारीरिक गतिविधियों में कमी, मीठे पेय पदार्थों का अधिक सेवन, किडनी की कार्यक्षमता में कमी, आनुवंशिक कारण तथा कुछ दवाओं के प्रभाव से यूरिक एसिड तेजी से बढ़ रहा है। इससे बचना आवश्यक है।

उन्होंने यूरिक एसिड के लक्षण पहचानने के लिए प्रमुख कारण पैर के अंगूठे के जोड़ में अचानक तेज दर्द, जोड़ों में सूजन और लालिमा, रात में दर्द बढ़ना तथा घुटनों, टखनों और उंगलियों में बार-बार दर्द होना प्रमुख बताएं। उन्हाेंने कहा कि लंबे समय तक गाउट रहने पर जोड़ों के आसपास क्रिस्टल की गांठें भी बन सकती हैं, जिन्हें टोफ़ाई कहते हैं। यह ध्यान दीजिए कि यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए खानपान और दिनचर्या में सुधार जरूरी है। पर्याप्त पानी पिएं, संतुलित भोजन करें, लाल मांस और अधिक प्यूरीन वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखें। शराब, बीयर और अधिक मीठे पेय पदार्थों से बचें। वजन नियंत्रित रखें तथा नियमित पैदल चलने और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करें। किडनी या हृदय रोग से पीड़ित व्यक्ति पानी की मात्रा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही तय करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story