सीसीटीवी निगरानी में होंगी विश्वविद्यालय की परीक्षाएं

WhatsApp Channel Join Now
सीसीटीवी निगरानी में होंगी विश्वविद्यालय की परीक्षाएं


मीरजापुर, 14 मई (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में गुरुवार को कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में परीक्षा तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 16 मई से शुरू होने वाली परीक्षाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि विश्वविद्यालय की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 मई से शुरू होंगी। परीक्षाएं नकलविहीन और निष्पक्ष ढंग से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी। सभी केंद्राध्यक्षों को परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कुलपति ने कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों को निष्पक्ष और व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी केंद्रों पर पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार मीरजापुर में 51, सोनभद्र में 32 और भदोही में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा कुल 20 नोडल केंद्र भी बनाए गए हैं, जिनमें मीरजापुर में 11, सोनभद्र में पांच और भदोही में चार केंद्र शामिल हैं।

बैठक में प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों की भी समीक्षा की गई। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि लगभग 90 प्रतिशत परीक्षाफल घोषित किए जा चुके हैं, जबकि शेष परिणाम प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक प्राप्त न होने के कारण लंबित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story