संगठन की एकजुटता से ही कर्मचारियों के हितों की रक्षा संभव : एडीएम

WhatsApp Channel Join Now
संगठन की एकजुटता से ही कर्मचारियों के हितों की रक्षा संभव : एडीएम


मीरजापुर, 14 नवंबर (हि.स.)। संगठन की एकजुटता से ही कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी मांगों को प्रभावी ढंग से शासन तक पहुंचाया जा सकता है। यह बातें शनिवार को लालगंज तहसील परिसर में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के 65वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि एडीएम विनोद कुमार सिंह ने कहीं।

उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद संघ के संस्थापक मुरारी लाल शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण किया। एडीएम ने कहा कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी जिम्मेदारी सीधे आम जनता से जुड़ी है। संगठन कर्मचारियों को अपनी समस्याएं और मांगें रखने के लिए साझा मंच देता है।

प्रदेश उपाध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि संघ की 65 वर्षों की यात्रा संघर्ष, एकता और कर्मचारी हितों के लिए किए गए प्रयासों की परिचायक है। प्रदेश महामंत्री राहुल पटेल ने संगठन को मजबूत बनाने और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष वीनू यादव ने 65 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। उन्होंने कहा कि संगठन कर्मचारी हितों के साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रहा है। समारोह में एसडीएम अजीत कुमार, तहसीलदार रजनीश कुमार यादव, नायब तहसीलदार राजू यादव, विपिन त्रिपाठी, जिला मंत्री सुशील पटेल सहित बड़ी संख्या में लेखपाल और संघ पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776991 Articles

Share this story