मीरजापुर : गड्डे में युवक का और गंगा में उतराता मिला महिला का शव

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : गड्डे में युवक का और गंगा में उतराता मिला महिला का शव


मीरजापुर, 23 अगस्त (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर दो अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। रेलवे ओवरब्रिज के पास बारिश के पानी से भरे गड्ढे में युवक का शव मिला, जबकि सीखड़ घाट पर गंगा में एक महिला का शव उतराता दिखाई दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।

पहली घटना रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे रेलवे क्रासिंग के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के समीप हुई। यहां बारिश के पानी से लबालब गड्ढे में एक अज्ञात युवक डूब गया। निर्माण एजेंसी के गार्ड ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। जानकारी मिलते ही पीआरवी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने गड्ढे से युवक का शव बाहर निकलवाया।

आशंका जताई जा रही है कि युवक शौच के लिए निर्माणाधीन ओवरब्रिज की ओर गया होगा। बारिश के चलते वहां बने गड्ढे में पानी भर गया था। पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक को दोपहर करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच आसपास देखा गया था। देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।

वहीं, दूसरी घटना में सीखड़ घाट पर ग्रामीणों ने गंगा में करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव उतराता देखा। शव की सूचना मिलते ही घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चुनार कोतवाली प्रभारी विजय शंकर सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पहचान कराने के साथ ही घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story