दीपावली से पहले उज्ज्वला के लाभार्थियों को मिलेगी मुफ्त गैस रिफिल की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली से पहले उज्ज्वला के लाभार्थियों को मिलेगी मुफ्त गैस रिफिल की सुविधा


मीरजापुर, 03 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर गरीब परिवारों की रसोई में खुशियां पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में योजना के पात्र लाभार्थियों को रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। प्रदेश में उज्ज्वला योजना के तहत 1.89 करोड़ पात्र परिवारों को इसका लाभ दिया गया।

कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मंगलवार को विकास भवन सभागार में दिखाया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, डीएम पवन कुमार गंगवार, सीडीओ विजय कुमार सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने महिला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले में करीब 500 लाभार्थियों के खातों में गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी भेजी गई है।

इस मौके पर सोहन लाल श्रीमाली ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।

विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से राहत मिली है और रसोई का बजट भी बेहतर हुआ है। उन्होंने लाभार्थियों से समय पर गैस रिफिल कराकर योजना का लाभ लेने की अपील की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771982 Articles

Share this story