सरिया लदी ट्रैक्टर पलटने से दो श्रमिकों की मौत
मीरजापुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के आमघाट पुल के पास बुधवार को सरिया लदी ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर पर लदे दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया।
घटना के सम्बंध में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कोटवा गांव निवासी ट्रैक्टर चालक मीरजापुर की तरफ सरिया लेकर आ रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर आमघाट पुल के पास पहुंचा, वह असंतुलित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के ऊपर बैठे दो श्रमिक संजय (18) और अमन (19) की सरिया के नीचे दबकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक श्रमिक संजय और अमन दोनों ही कोटवा गांव के निवासी थे।
मृतक संजय अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता ननकू की पहले ही मौत हो चुकी थी और उसकी मां चंदा देवी मजदूरी का काम करती हैं। वहीं अमन, जो दो भाइयों में बड़ा था, के पिता शिवलाल भी मजदूरी करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास शुरू कर दिए। मृतक संजय के भाई लालबहादुर द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

