सड़क के पुनर्निर्माण में क्रेडिट लेने की होड़, 12 घंटे में दो माननीयों ने किया पूजन

WhatsApp Channel Join Now
सड़क के पुनर्निर्माण में क्रेडिट लेने की होड़, 12 घंटे में दो माननीयों ने किया पूजन


रायबरेली, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली में माननीयों में सालाें से बदहाल सड़क के निर्माण के लिए साेमवार की शाम सदर विधायक और मंगलवार दाेपहर काे नगर पालिका अध्यक्ष ने अलग अलग समय में भूमि पूजन किया। क्रेडिट लेने के चक्कर में 12 घंटे के अंदर दो पत्थर भी लगवा दिये गए।

मंगलवार को दो माननीयों के इस कारनामे की चर्चा लोगों में खूब रही। दरअसल रायबरेली शहर में आईटीआई मोड़ से सुप्रसिद्ध प्राचीन अभयदाता मंदिर को जोड़ने वाली करीब 1400 मीटर लंबी सड़क काफ़ी समय से बदहाली का शिकार थी। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण स्थानीय लोगों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था जबकि इसी मार्ग से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं का आवागमन होता गया। पहले सोमवार की शाम सदर विधायक अदिति सिंह ने सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया, वहीं मंगलवार दोपहर को नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने भी उसी सड़क का भूमिपूजन कर दिया। इसके बाद सड़क निर्माण के श्रेय को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों तक उपेक्षित रही इस सड़क की ओर अब तक किसी का ध्यान नही गया था। अब उम्मीद है कि इस समस्या से जल्द निज़ात मिल सकती है।

.---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story