कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत
मीरजापुर, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा चौकी अंतर्गत मीरजापुर-प्रयागराज हाईवे पर प्रस्तावित वृद्धाश्रम के पास गुरुवार देर रात कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
प्रयागराज की ओर से आ रही कार ने बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान क्षेत्र भ्रमण से लौट रहे नगर विधायक रत्नाकर मिश्र की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने अपनी गाड़ी रोककर दोनों को मंडलीय अस्पताल भिजवाया।
विंध्याचल के चिकान टोला निवासी भारत पाल (35) की मंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दीनू पाल (45) को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
दोनों की मौत की सूचना पर पहुंची विंध्याचल पुलिस ने मीरजापुर और वाराणसी में शवों को कब्जे में लेकर अलग-अलग पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

