बेकाबू ट्रक ने छात्र समेत दो को कुचला, मौत
- हादसे के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम, एक घंटे बाद अधिकारियों के समझाने पर खुला हाईवे
मीरजापुर, 14 सितंबर (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव में सोमवार सुबह वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार छात्र समेत दो लोगों को कुचल दिया। हादसे में कक्षा छह के 12 वर्षीय छात्र प्रियांशु और 55 वर्षीय शिवनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को करीब दाे साै मीटर आगे खड़ा कर फरार हो गया।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रियांशु और शिवनाथ सुबह साइकिल से तुलसी नाला की ओर शौच के लिए गए थे। लौटते समय इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक हाईवे की पटरी पर चढ़ गया और दोनों को कुचलते हुए आगे निकल गया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के शोर मचाने पर चालक ने कर्बला के सामने ट्रक खड़ा किया और मौके से भाग निकला।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस शवों को कब्जे में लेने का प्रयास कर रही थी, तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम अजीत कुमार, सीओ अमर बहादुर, तहसीलदार विशाल शर्मा और प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका।
परिजन के अनुसार प्रियांशु परिवार की इकलौती संतान थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से छात्र समेत दो लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार चालक की तलाश और घटना की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

