महाराष्ट्र में सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
महाराष्ट्र में सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम


- आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, पत्नी और चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मीरजापुर , 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के पड़री थाना क्षेत्र के जरहा गांव निवासी 40 वर्षीय ट्रक चालक सुभाष पाल की महाराष्ट्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार सुबह उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी संध्या देवी और तीन बेटियों व एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजन के मुताबिक, सुभाष पाल कई वर्षों से महाराष्ट्र में रहकर ट्रक चलाते थे। सोमवार शाम वह ट्रक लेकर औरंगाबाद रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे सुभाष का ट्रक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुभाष पाल की मौके पर ही मौत हो गई।

बुधवार सुबह पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचते ही घर में मातम छा गया। पत्नी और बच्चों की चीत्कार सुनकर आसपास के लोग भी भावुक हो उठे। परिवार के लोगों के मुताबिक, सुभाष ही घर के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। वह दूसरे राज्य में रहकर मेहनत करते थे, ताकि पत्नी और बच्चों का भरण-पोषण कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story