पर्व-परंपराओं से जुड़ेगा पौधरोपण महा अभियान, पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाएगी सरकार

WhatsApp Channel Join Now
पर्व-परंपराओं से जुड़ेगा पौधरोपण महा अभियान, पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाएगी सरकार


मीरजापुर, 11 जून (हि.स.)। प्रदेश सरकार के पौधरोपण महाअभियान-2026 को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए इसे तीज-त्योहारों, संस्कृति और जनभावनाओं से जोड़ने की तैयारी की गई है। अभियान के तहत जिले में इस वर्ष 87.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वन विभाग सहित विभिन्न विभागों के सहयोग से कई विशिष्ट वन और वाटिकाएं विकसित की जाएंगी, जबकि लोगों को पौधरोपण और पौधों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि मानसून सत्र में जिले में पांच विशेष वन और दो वाटिकाओं की स्थापना की जाएगी। इनमें महर्षि चरक औषधि वन, समरस वन, समृद्धि वन, कपि वन और ऊर्जा वन शामिल हैं। महर्षि चरक औषधि वन में औषधीय एवं जड़ी-बूटी वाले पौधे लगाए जाएंगे, जबकि अन्य वन सामाजिक समरसता, समृद्धि और पर्यावरण संरक्षण की अवधारणा को आगे बढ़ाएंगे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बरकछा में वंदेमातरम वाटिका विकसित की जाएगी, जहां स्वतंत्रता सेनानियों के प्रिय पौधों का रोपण होगा। वहीं रक्षाबंधन पर मड़िहान रेंज के कपसा झरना क्षेत्र में रक्षाबंधन वाटिका स्थापित की जाएगी, जहां भाई-बहन मिलकर फलदार पौधे लगाएंगे। उद्यान विभाग की ओर से आम भंडारा तथा ग्राम्य विकास विभाग द्वारा सहजन भंडारा आयोजित कर लोगों को फलदार और औषधीय पौधों के महत्व से परिचित कराया जाएगा।

वन विभाग प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रीन चौपाल आयोजित करेगा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण के लाभ और वृक्षों की कटान से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही मिशन छाया के तहत सड़कों के दोनों किनारों पर छायादार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि भविष्य में सड़क किनारे तापमान कम हो और हीटवेव के प्रभाव को नियंत्रित किया जा सके।

विशेष वन और वाटिकाएं

महर्षि चरक औषधि वन – आयुष विभाग

समरस वन – वन विभाग

समृद्धि वन – कृषि एवं ग्राम्य विकास विभाग

कपि वन – नगर विकास एवं आवास विकास विभाग

ऊर्जा वन – ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग

वंदेमातरम वाटिका – वन विभाग

रक्षाबंधन वाटिका – वन विभाग

प्रमुख गतिविधियां

सहजन भंडारा – ग्राम्य विकास विभाग

आम भंडारा – उद्यान विभाग

ग्रीन चौपाल – वन विभाग

मिशन छाया – लोक निर्माण, पंचायती राज, नगर एवं आवास विकास, परिवहन व शिक्षा विभाग

अविरल धारा पाैधरोपण – सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास एवं लघु सिंचाई विभाग

एक्सप्रेस-वे पाैधरोपण – लोक निर्माण विभाग।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story