वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत 97 लाख से अधिक पौधों से हरा होगा मीरजापुर

WhatsApp Channel Join Now
वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत 97 लाख से अधिक पौधों से हरा होगा मीरजापुर


मीरजापुर, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर 12 जुलाई को जनपद में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य कार्यक्रम विकास खंड पहाड़ी के ग्राम सागर सेमर में आयोजित होगा। इसके साथ ही जिले के सभी विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, वन क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी परिसरों में भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा।

प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जनपद में इस बार 97 लाख 61 हजार 600 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें वन विभाग 48 लाख 36 हजार तथा विभिन्न विभाग 49 लाख 25 हजार 600 पौधों का रोपण करेंगे। अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान फलदार, छायादार तथा स्थानीय जलवायु के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से हरित आवरण बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार करना है।

प्रभागीय वनाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे एक पेड़ माँ के नाम अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही इस महाअभियान को सफल बनाया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story