औरैया रेलवे  क्रॉसिंग पर हादसा, अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से मामा-भांजे की मौत

WhatsApp Channel Join Now
औरैया रेलवे  क्रॉसिंग पर हादसा, अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से मामा-भांजे की मौत


औरैया, 17 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा रेलवे स्टेशन की पूर्वी क्रॉसिंग 13-बी पर शनिवार सुबह हादसा हो गया। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर सुबह करीब 6:20 बजे अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक इटावा से कानपुर सेंट्रल जा रही मेमू ट्रेन से उतरने के बाद रेलवे क्रॉसिंग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अप लाइन पार करते समय वे तेज रफ्तार अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हाल मुकाम लक्ष्मी नगर, अछल्दा निवासी राजू पुत्र जयवीर सिंह, मूल निवासी नगला रामलाल, रायपुर, फफूंद और उसके मामा कृष्ण पुत्र दीपचंद निवासी रेजुआ, एटा के रूप में हुई है। दोनों के रिश्तेदार होने की जानकारी सामने आने के बाद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक राजू की मां ने बताया कि राजू और उसके मामा कृष्ण सूरत में काम करते थे। राजू की तबीयत खराब थी। इसलिए उसके मामा उसे घर छोड़ने के लिए साथ आ रहे थे। दोनों के घर पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाने लगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762286 Articles

Share this story