पति-पत्नी के विवाद का दर्दनाक अंत, युवक ने फांसी लगाकर दी जान
मीरजापुर, 24 सितंबर (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के भोजपुर पहाड़ी गांव में बुधवार देर रात पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद 28 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भोजपुर पहाड़ी गांव निवासी शिवा उर्फ शेरू (28) पुत्र जयप्रकाश का बुधवार रात किसी बात को लेकर पत्नी सपना देवी से विवाद हो गया। इसके बाद वह घर के अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पत्नी ने खिड़की से अंदर देखा तो शिवा अचेत अवस्था में पड़ा था। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पत्नी सपना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार शिवा पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने गुरुवार काे बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

