लखनऊ में यातायात नियम तोड़ने पर 5410 वाहनों का चालान, 293 सीज

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ में यातायात नियम तोड़ने पर 5410 वाहनों का चालान, 293 सीज


लखनऊ, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तीन अप्रैल से पांच अप्रैल तक चलाये गए चेकिंग अभियान में 293 वाहनों को सीज किया गया है जबकि 5410 वाहन चालान काटे गए हैं। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने बताया कि यातायात नियमों का पालन कराने के उदृेश्य से तीन अप्रैल से पांच अप्रैल तक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत शहर के पश्चिमी, मध्य, उत्तरी, पूर्वी एवं दक्षिणी जोन में पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में संबंधित सहायक पुलिस आयुक्तों एवं थाना प्रभारियों की टीमों ने कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने सुबह 07 बजे से नौ बजे, दोपहर 12 बजे से दो बजे तक और रात नौ बजे से 11 बजे तक तीन शिफ्टों में प्रमुख बाजारों, चौराहों, बस स्टैण्डों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट या अमान्य दस्तावेज, तेज रफ्तार, बाइक स्टंट करने वाले, विपरीत दिशा में वाहन चलाने और यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों पर कड़ी कार्यवाही की गई। साथ ही, चालान जारी करने के साथ-साथ नागरिकों को हेलमेट के महत्व एवं यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक भी किया गया। पूरे शहर में चलाये गए अभियान के तहत 18649 वाहनों को चेक करते हुए 5410 चालान और 293 वाहन सीज किए गये हैं।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि यातायात नियमों का पालन कराने की यह पहल एक दीर्घकालिक प्रतिबद्धता है, जिसका लक्ष्य दुर्घटनाओं को कम करना और जीवन की रक्षा करना है। भविष्य में भी, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ पुलिस द्वारा इस प्रकार के अभियान और अधिक सख्ती के साथ चलाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story