यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को पुष्प भेंटकर किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को पुष्प भेंटकर किया जागरूक


हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने वाले वाहन चालकों का माल्यार्पण कर किया सम्मानित

औरैया, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में यातायात माह के अंतर्गत रविवार को समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से सुभाष चौक पर यातायात जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में आयोजित अभियान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को पुष्प भेंटकर नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने यातायात प्रभारी देवेंद्र कुमार और यातायात निरीक्षक रामस्वरूप का माल्यार्पण कर स्वागत किया। यातायात प्रभारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात सुरक्षा माह मनाया जाता है। यातायात निरीक्षक रामस्वरूप ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि थोड़ी सी जल्दबाजी और लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें, कानों में ईयरफोन न लगाएं, गति नियंत्रित रखें और शराब पीकर वाहन न चलाएं।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों को पुष्प भेंटकर जागरूक किया गया। वहीं, यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों का माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। सड़क से गुजर रहे सैकड़ों पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को भी यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

इस मौके पर तेज बहादुर वर्मा, डॉ. शिवकुमार सोनी, शिखर बिश्नोई (लव), एलएन गुप्ता, संजय अग्रवाल, राम आसरे गुप्ता, हरिओम तिवारी, अरविंद यादव, विमलेश दुबे, रामचंद्र सोनी, कुलदीप बाजपेई और दीपक मिश्रा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777344 Articles

Share this story