जीएसटी समस्याओं पर खुलकर बोले व्यापारी, राज्य कर विभाग ने दिया समाधान का भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
जीएसटी समस्याओं पर खुलकर बोले व्यापारी, राज्य कर विभाग ने दिया समाधान का भरोसा


- व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी समस्याओं पर हुई चर्चा

मीरजापुर, 05 जून (हि.स.)। राज्य कर विभाग द्वारा शुक्रवार को बाजीराव कटरा स्थित होटल कृष्णा पैलेस में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) दिनेश कुमार दुबे ने की। इसमें उपायुक्त राज्य कर खंड-1 अन्जेश बरनवाल एवं खंड-2 दुर्गेश यादव सहित विभागीय अधिकारियों, व्यापारियों, करदाताओं और अधिवक्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जीएसटी अनुपालन को बढ़ावा देना, अधिक से अधिक व्यापारियों का पंजीकरण सुनिश्चित करना, राजस्व संग्रह में वृद्धि तथा जीएसटी 2.0 से जुड़े सुधारों पर व्यापारियों के सुझाव प्राप्त करना था। अधिकारियों ने कहा कि विभाग व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और कर व्यवस्था को सरल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

संवाद के दौरान व्यापारियों एवं अधिवक्ताओं ने जीएसटी रिटर्न, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी), ई-वे बिल, पंजीकरण और अन्य कर संबंधी विषयों से जुड़े प्रश्न रखे। संयुक्त आयुक्त दिनेश कुमार दुबे ने सभी जिज्ञासाओं का विस्तार से समाधान करते हुए कर अनुपालन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लिया जाएगा तथा उनके उचित निराकरण का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में सहायक आयुक्त ओम प्रकाश शुक्ला एवं विनोद कुमार के अलावा व्यापारी प्रतिनिधि शत्रुघ्न केसरी, मोहन दास अग्रवाल, आशीष बुधिया, उमा बरनवाल तथा अधिवक्ता प्रतिनिधि कुलदीप खंडेलवाल, मनोज मैनी, मनोज अग्रवाल और अमित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story