30 जुलाई को मीरजापुर आएंगे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, विंध्य की पर्यटन परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
30 जुलाई को मीरजापुर आएंगे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, विंध्य की पर्यटन परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा


- आयुक्त सभागार में होगी उच्चस्तरीय बैठक, नई योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं पर होगा मंथन

मीरजापुर, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य मंत्री जयवीर सिंह 30 जुलाई को मीरजापुर आएंगे। वे पथरहिया स्थित आयुक्त कार्यालय सभागार में विंध्य मंडल के पर्यटन विकास से जुड़ी योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा करेंगे। बैठक में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और नई विकास योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा होगी।

संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चन्द्र ने मंगलवार काे बताया कि बैठक में अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग, महानिदेशक पर्यटन, जनप्रतिनिधियों के अलावा मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा पर्यटन, लोक निर्माण, विद्युत, वन विभाग, यूपी राज्य पर्यटन निगम, यूपी प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन और राजकीय निर्माण निगम के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

सभी संबंधित अधिकारियों को अद्यतन प्रगति रिपोर्ट और आवश्यक अभिलेखों के साथ समय से बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। उम्मीद है कि बैठक में विंध्य क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान दिलाने वाली महत्वपूर्ण योजनाओं पर निर्णय लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story