प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए संकल्पित : जयवीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए संकल्पित : जयवीर सिंह


प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए संकल्पित : जयवीर सिंह


फिरोजाबाद, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को ग्राम असवाई स्थित ऐतिहासिक श्री राधा कृष्ण मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस परियोजना की कुल लागत 135.16 लाख रुपये है। उन्होंने क्षेत्र के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

इस मौके पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए संकल्पित है, श्री राधा कृष्ण मंदिर असवाई केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि 135.16 लाख की लागत से होने वाले इन कार्यों से इस प्राचीन मंदिर को एक भव्य स्वरूप प्राप्त होगा। पर्यटन और रोजगार की दृष्टि से जब किसी धार्मिक स्थल का सौंदर्यीकरण होता है, तो वहां पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती है, इससे न केवल क्षेत्र की प्रसिद्धि होती है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि फिरोजाबाद जनपद को पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करना हमारा लक्ष्य है। विकास की गति से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के कोने-कोने में मंदिरों और ऐतिहासिक धरोहरों का कायाकल्प हो रहा है। उन्होंने कहा कि असवाई के इस मंदिर परिसर में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुलभ और सुखद दर्शन प्राप्त हो सके, साथ ही साथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विश्रामालय, पेयजल सुविधा, प्रकाश व्यवस्था, इंटरलॉकिंग, टाइल्स और मंदिर की भव्यता बढ़ाने हेतु विशेष सौंदर्यात्मक कार्य किए जाएंगे।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लाक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत, जिला उपाध्यक्ष तथा पर्यटन एवं यूपीपीसीएल के अधिकारीगढ़ उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story