खादी सेमिनार में आत्मनिर्भरता का संदेश, 58 लाभार्थियों को टूल किट वितरित

WhatsApp Channel Join Now
खादी सेमिनार में आत्मनिर्भरता का संदेश, 58 लाभार्थियों को टूल किट वितरित


मीरजापुर, 27 मार्च (हि.स.)। जनपद में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला ग्रामोद्योग कार्यालय परिसर में एक दिवसीय खादी सेमिनार एवं माटीकला टूल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य व छानबे विधायक रिंकी कोल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान वक्ताओं ने खादी को स्वदेशी, पर्यावरण अनुकूल एवं टिकाऊ बताते हुए युवाओं से इसे आधुनिक फैशन के रूप में अपनाने की अपील की।

सदर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि खादी का एक वस्त्र खरीदना केवल उत्पाद खरीदना नहीं, बल्कि कारीगरों के श्रम का सम्मान और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में खादी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वहीं रिंकी कोल ने कहा कि खादी अपनाना भविष्य को सुरक्षित करना है। कार्यक्रम में माटीकला जागरूकता के तहत 45 लाभार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक चाक, चार को पग मिल मशीन तथा नौ लाभार्थियों को दोना मेकिंग मशीन वितरित की गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण रोजगार सृजन में सहायक साबित होंगे। सेमिनार में विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन पवन कुमार ने किया। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story