तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्मकुमारीज ने दिलाया संकल्प, नशा छोड़ें-स्वस्थ जीवन से जुड़ें

WhatsApp Channel Join Now
तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्मकुमारीज ने दिलाया संकल्प, नशा छोड़ें-स्वस्थ जीवन से जुड़ें


मीरजापुर, 31 मई (हि.स.)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को शुक्लहा स्थित ब्रह्मकुमारीज़ मीरजापुर के प्रभु उपहार भवन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवा केंद्र से जुड़े सैकड़ों भाई-बहनों एवं माताओं ने भाग लेते हुए तंबाकू एवं अन्य सभी प्रकार के नशों से दूर रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवा केंद्र प्रभारी बीके बिंदु दीदी ने कहा कि तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण हर वर्ष लाखों लोग गंभीर बीमारियों का शिकार होकर असमय मृत्यु का सामना करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं नशामुक्त रहकर दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।

उन्होंने उपस्थित लोगों को व्यसनमुक्त जीवन अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। बीके बिंदु दीदी ने कहा कि स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली ही सुखी जीवन का आधार है तथा नशे से दूरी बनाकर ही समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है।

इस दौरान उपस्थित सभी भाई-बहनों एवं माताओं ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार का व्यसन नहीं करेंगे और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, सुखी एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story