वृंदावन में निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरने से मलबे में दबकर तीन मजदूरों की मौत, एक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
वृंदावन में निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरने से मलबे में दबकर तीन मजदूरों की मौत, एक गंभीर


मथुरा, 21 अगस्त(हि.स.)। कोतवाली वृंदावन क्षेत्र के वृंदावन रुक्मिणी विहार गोल चक्कर के पास स्थित ओमेक्स के निर्माणाधीन मॉल में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। चौथी मंजिल पर लेंटर डालने के दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसे के समय घटनास्थल पर काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में कुल चार मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। नेपाल निवासी शिवराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पश्चिम बंगाल के रहने वाले आलम और रफीक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मलबे में दबे चौथे मजदूर दिलदार (पश्चिम बंगाल) की हालत नाजुक है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों को तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। दमकल विभाग के गहन सर्च ऑपरेशन के बाद यह पुष्टि कर ली गई है कि अब मलबे में कोई अन्य मजदूर नहीं फंसा है। मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और मामले की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि परिजनों से लिखित तहरीर प्राप्त होते ही कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, इस भयावह घटना ने निर्माणाधीन स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story