देवरिया: मां और मासूम की मौत के बाद दूसरे बेटे की भी माैत, पति हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया: मां और मासूम की मौत के बाद दूसरे बेटे की भी माैत, पति हिरासत में


देवरिया, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देव​रिया जिले के मेहड़ा पुरवा मोहल्ले में रहने वाले एक मासूम बच्चे की मौत बुधवार को अस्पताल में इलाज के दाैरान हो गई हैं, जबकि उसकी मां और एक भाई की मंगलवार को मौत हो गई थी। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। महिला के पति को हिरासत में लिया गया है।

क्षेत्राधिकारी संजय रेड्डी ने बताया कि मेहड़ा पुरवा मोहल्ले में रहने वाला निराला विश्वकर्मा पत्नी अंजली (30) और उसके दो बेटे कृष्णा (8) व नागेंद्र (7) के साथ रहता था। उसके दोनों बच्चे सुन और बोल नहीं सकते हैं। वकालत की पढ़ाई करने के बाद निराला लकड़ी बेचकर परिवार का भरण पोषण करता था। ​मंगलवार को निराला का छोटा भाई आकाश जब घर पहुंचा तो देखा कि भाभी अंजली और दोनों बेटे बेहोशी के हालत मिले। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंजली और उसके बेटे कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह नागेंद्र की भी मौत हो गई।

इधर, मायके पक्ष से मृतका के भाई हरिकेश ने बहनोई निराला पर हत्या का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि निराला उसकी बहन को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था, जिसको लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी थी। हरिकेश का आरोप है कि या तो उसकी बहन को जहर दिया गया या फिर प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच करें।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। घटना से दो दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद अंजली मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी और उसने खाना-पीना भी कम कर दिया था। घटना के दिन वह घर पर अकेली थी। प्रथम दृष्टया मामला जहर खाने का लग रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पति को हिरासत में लेकर पुलिस आत्महत्या, हत्या और पारिवारिक विवाद तीनों पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story