जौनपुर एसएसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर एसएसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया


जौनपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुंवर अनुपम सिंह ने बुधवार काे ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में सरपतहा थाना में तैनात मुख्य आरक्षी महफूज हाशमी, लाइन बाजार थाना के सिपाही परितोष सिंह और सुरेरी थाना में तैनात सिपाही हिमांशु राव शामिल हैं। इन तीनों की कार्यप्रणाली को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले की समीक्षा कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई। इसके बाद तत्काल प्रभाव से तीनों को निलंबित कर दिया गया।

एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से कहा कि ड्यूटी में कोताही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। भविष्य में यदि किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ लापरवाही या शिकायत पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें बर्खास्तगी भी शामिल हो सकती है। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story