कौशाम्बी : यमुना में डूबकर तीन बच्चों की माैत, हादसे का मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
छोटे भाई को बचाने उतरे दो भाइयाें की चली गई जान
प्रयागराज, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के पड़ोसी जनपद कौशाम्बी में स्थित महेवाघाट थाना क्षेत्र के घोघपुर गांव में शनिवार को यमुना नदी में स्नान करने गए तीन बच्चों की डूबने से जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने गोताखोरों के सहयोग से बच्चों के शव बरामद किये। इस हादसे की जानकारी होते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया और अधिकारियों को निर्देश दिये कि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव राहत पहुंचाए।
पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि हादसे में महेवा थाना क्षेत्र के घोघापुर गांव निवासी बृजेश (7) पुत्र सोनू निषाद तथा सगे भाई करन (6) और शनि (4) पुत्र राजेश निषाद की जान चली गई। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि महेवा घाट थाना क्षेत्र के घोघापुर गांव निवासी सोनू निषाद और उनके भाई राजेश निषाद दिल्ली में मजदूरी करते हैं। दोनों भाई करीब चार दिन पहले ही अपने परिवार के साथ गांव घोघपुर आए। शनिवार को उनके बच्चे यमुना किनारे नहाने के लिए गए थे। जहां स्नान करते समय शनि गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। छोटे भाई को डूबता देख बृजेश और करन उसे बचाने के लिए आगे गये तो वे दोनों भी डूबने लगे। जब तक आस-पास के लोग कुछ कर पाते, इस बीच तीनों बच्चे गहरे पानी में समा गए। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों के सहयोग से तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मुख्यमंत्री ने लिया हादसे का संज्ञानकौशांबी में यमुना में बच्चों के डूबने की घटना का मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि तत्काल मौके पर पहुंचें। साथ ही पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं।
एसपी ने कहा—घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची
पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि घोघपुर गांव में यमुना नदी में बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गाेताखाेराें की मदद से बच्चों को बाहर निकलवाया गया, लेकिन तब तक काफी देर चुकी थी। हादसे में तीनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

