हजार साल की आस्था का उत्सव: शिव मंदिर में जिलाधिकारी ने किया रुद्राभिषेक, गूंजे हर-हर महादेव

WhatsApp Channel Join Now
हजार साल की आस्था का उत्सव: शिव मंदिर में जिलाधिकारी ने किया रुद्राभिषेक, गूंजे हर-हर महादेव


मीरजापुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। अटूट आस्था के 1000 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के तहत रविवार को उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद के जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मां विंध्यवासिनी धाम स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। इस दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

डीएम के साथ एसडीएम मड़िहान संजीव यादव भी मौजूद रहे और पूजा-अर्चना में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बताया गया कि यह विशेष आयोजन 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक पूरे वर्ष भर चलेगा। जिला प्रशासन और पर्यटन व सांस्कृतिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस पर्व का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्रीय संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के तहत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जनजागरूकता से जुड़े आयोजन भी किए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजन से न केवल श्रद्धालुओं की आस्था मजबूत होगी, बल्कि विंध्य क्षेत्र की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story