दो घरों में लाखों की चोरी, खिड़की तोड़कर घुसे चोर

WhatsApp Channel Join Now
दो घरों में लाखों की चोरी, खिड़की तोड़कर घुसे चोर


-दो घरों में लाखों की चोरी, खिड़की तोड़कर घुसे चोर

औरैया, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अड्डा गोखे गांव में शुक्रवार देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर यूपी-112 और अनंतराम पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

गांव निवासी चंद्र प्रभा ने बताया कि चोर मकान के पीछे खेत की ओर लगी खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए। उस समय वह अपने पुत्र अंश के साथ बरामदे में सो रही थीं। चोर अलमारी और बक्सों का ताला तोड़कर तीन सोने की जंजीर, चार अंगूठियां, एक ब्रेसलेट, एक जोड़ी झुमकी, एक मंगलसूत्र, एक कमरबंद समेत लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर ले गए।

इसके बाद चोरों ने पड़ोसी अरविंद कुमार के घर को भी निशाना बनाया। अरविंद अपनी पत्नी मिथलेश, बेटियों पूजा व शिल्पा तथा दिव्यांग पुत्र के साथ बरामदे में सो रहे थे। चोर उनके घर से एक जोड़ी पायल, कंधनी, मंगलसूत्र, झुमकी और करीब 10 हजार रुपये की नकदी ले गए।

चोरों ने इसी मकान के बगल के कमरे में रखे अरविंद के भाई अधिवक्ता रविंद्र कुमार चौधरी के सामान पर भी हाथ साफ किया। वहां से हार, एक जोड़ी पायल, मंगलसूत्र, झुमकी और 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।

शनिवार सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। कोतवाल रमेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story