रिटायर्ड फौजी के सूने घर में लाखों की चोरी

WhatsApp Channel Join Now
रिटायर्ड फौजी के सूने घर में लाखों की चोरी


औरैया, 02 अगस्त (हि. स.)। दिबियापुर थाना क्षेत्र की कंचौसी चौकी के अंतर्गत ग्राम मधवापुर में शुक्रवार रात चोरों ने एक रिटायर्ड फौजी के सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। ग्रामीणों ने नियमित पुलिस गश्त न होने पर नाराजगी जताई है।

रिटायर्ड फौजी प्रमोद कुमार अपने परिवार के साथ कानपुर में रहते हैं और सप्ताह में एक बार गांव स्थित घर आते-जाते हैं। शनिवार रात जब वह गांव पहुंचे तो घर का सामान बिखरा मिला। कमरे में रखी सेफ का ताला टूटा और उसमें रखा सामान गायब था। घटना देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पीड़ित के अनुसार, चोर घर से करीब एक किलो चांदी के जेवर, जिनमें जंजीर, बृजबाला और पांच अंगूठियां शामिल हैं, करीब छह तोला सोने के आभूषण तथा एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए।

सूचना पर कंचौसी चौकी प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए।

घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। उनका कहना है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

चौकी प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चोरी के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story