दुनिया को भारतीय न्याय व्यवस्था की खासियत दिखाएगी नालसा-सालसा की पहल
- मां विंध्यवासिनी के आशीर्वाद के साथ न्याय और अधिकारों की जानकारी भी लेकर जाएंगे श्रद्धालु
- आस्था के मेले में अधिकारों के पहरेदार, ‘अधिकार मित्र’ बनेंगे कानूनी मददगार
- 19 से 26 मार्च तक चलेगा विशेष विधिक सेवा शिविर, जनपद न्यायाधीश करेंगे उद्घाटन
मीरजापुर, 17 मार्च (हि.स.)। आस्था, अध्यात्म और संस्कृति के संगम विंध्याचल धाम में चैत्र नवरात्र के दौरान इस बार एक नई पहल देखने को मिलेगी। जहां लाखों श्रद्धालु मां के दरबार में आशीर्वाद लेने आते हैं, वहीं अब उन्हें न्याय और अधिकारों की जानकारी भी मिलेगी। नेशनल लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (नालसा) और उत्तर प्रदेश स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (सालसा) के निर्देश पर विधिक सेवा शिविर लगाकर आस्था के इस महाकुंभ को न्यायिक जागरूकता से जोड़ने की पहल की जा रही है।
सनातन परंपरा में आस्था और सेवा दोनों को समान महत्व दिया गया है। जगविख्यात मां विंध्यवासिनी दरबार में इस बार नवरात्र में न्याय और अधिकारों की जागरूकता का नया अध्याय भी जुड़ रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 19 मार्च से 26 मार्च 2026 तक विंध्याचल क्षेत्र में विशेष विधिक सेवा शिविर आयोजित होगा। यह शिविर पुरानी वीआईपी रोड स्थित नगर पालिका परिषद के नलकूप/जलकल परिसर में स्थापित किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सहायता दी जाएगी। शिविर का उद्घाटन 18 मार्च को शाम 6 बजे जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा-द्वितीय करेंगे। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और पैरालीगल वालंटियर (अधिकार मित्र) श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मौजूद रहेंगे। इस पूरे अभियान की सबसे खास कड़ी होंगे ‘अधिकार मित्र’ यानी पैरालीगल वालंटियर, जो मेले के दौरान श्रद्धालुओं की समस्याओं को सुनकर उन्हें तुरंत सहायता दिलाने का काम करेंगे।
इन स्थानों पर मिलेंगे अधिकार मित्र
नवरात्र मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं और न्यायिक सहायता से जुड़ी जानकारी पंपलेट और संवाद के माध्यम से दी जाएगी। इसके लिए अधिकार मित्रों को विंध्याचल मंदिर परिसर, काली खोह, अष्टभुजा और मां तारा मंदिर, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड जैसे प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है।
नवरात्र मेले के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेगा विधिक सेवा शिविर
यदि किसी श्रद्धालु या नागरिक को किसी प्रकार की विधिक समस्या का सामना करना पड़ता है तो वे सीधे अधिकार मित्रों से संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। शिविर में मौजूद न्यायिक अधिकारी उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराने का प्रयास करेंगे। यह शिविर पूरे नवरात्र मेले के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
नई सामाजिक पहल का साक्षी बनेगा चैत्र नवरात्र का मेला
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्ण कालिक सचिव पल्लवी सिंह ने बताया कि भक्ति, विश्वास और सनातन परंपरा के वैश्विक केंद्र विंध्याचल धाम में चैत्र नवरात्र का मेला इस बार एक नई सामाजिक पहल का साक्षी बनेगा। यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को अब केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि कानूनी सहायता भी मिलेगी। सनातन आस्था के इस महापर्व में ‘अधिकार मित्र’ केवल कानूनी मददगार नहीं, बल्कि न्याय और सेवा की उस भावना के प्रतीक बनेंगे, जो भारतीय संस्कृति की आत्मा है। विंध्याचल में शुरू हो रही यह पहल दुनिया को यह संदेश दे रही है कि भारत में आस्था के साथ-साथ न्याय और मानवाधिकारों की रक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। नालसा और सालसा की यह पहल न केवल श्रद्धालुओं को राहत देगी, बल्कि यह भी दिखाएगी कि भारत की न्याय व्यवस्था समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

