मिशन 2027 के लिए ‘पूरी टीम तैयार’, हर वर्ग-हर क्षेत्र को साथ लेकर उतरेगी भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
मिशन 2027 के लिए ‘पूरी टीम तैयार’, हर वर्ग-हर क्षेत्र को साथ लेकर उतरेगी भाजपा


लखनऊ, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कवायद तेज कर दी है। भारतीय जनता पार्टी ने याेगी के मंत्रिमंडल के विस्तार और कार्यक्रम में जिस तरह अपने नेताओं की सामूहिक मौजूदगी और सामाजिक-क्षेत्रीय संतुलन का प्रदर्शन किया, यह उसकी चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। यह महज औपचारिकता नहीं, बल्कि एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश है कि पार्टी हर वर्ग और हर इलाके को साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर चुकी है।

सामाजिक संतुलन, ‘हर वर्ग साथ’ का संदेश

शपथ के बाद उभरी तस्वीर में पासवान, पाण्डेय, राजपूत, तोमर, पाल और चौधरी जैसे विभिन्न जातीय पृष्ठभूमि के नेताओं की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि भाजपा जातीय संतुलन को अपनी रणनीति का केंद्रीय आधार बनाए हुए है। दलित, ओबीसी और सवर्ण- तीनों वर्गों की समान भागीदारी दिखाकर पार्टी यह संकेत दे रही है कि 2027 में कोई भी सामाजिक वर्ग उपेक्षित नहीं रहेगा।

ओबीसी-दलित पर ‘निर्णायक दांव’

मंत्रिमंडल में अजीत सिंह पाल, भूपेंद्र चौधरी और कृष्णा पासवान जैसे चेहरों काे शामिल करना इस बात का संकेत है कि गैर-यादव ओबीसी और गैर-जाटव दलित वर्ग भाजपा की रणनीति के केंद्र में हैं। खासकर लोधी समाज से आने वाले कैलाश राजपूत की मौजूदगी को भी इसी ओबीसी विस्तार के नजरिए से देखा जा रहा है, जो पार्टी के पिछड़ा वर्ग समीकरण को और मजबूती देने का संकेत है। यही वर्ग पिछले चुनावों में भी निर्णायक रहा और 2027 में भी सत्ता की कुंजी माना जा रहा है।

सवर्ण आधार, संतुलन की धुरी

मंत्री मंडल में मनोज पाण्डेय और सोमेन्द्र तोमर जैसे नेताओं काे शामिल कर यह संदेश भी दिया गया कि भाजपा अपने पारंपरिक सवर्ण आधार को पूरी मजबूती से साथ रखे हुए है। रणनीति साफ है- विस्तार के साथ संतुलन, ताकि कोई भी वर्ग असंतुष्ट न हो।

क्षेत्रीय समीकरण, पूरे यूपी को साधने की कोशिश

पूर्वांचल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य क्षेत्र- तीनों हिस्सों से नेताओं की भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि भाजपा 2027 में किसी एक क्षेत्र पर निर्भर रहने के बजाय पूरे प्रदेश में संतुलित पकड़ बनाना चाहती है। खासकर पूर्वांचल को निर्णायक मानते हुए यहां अतिरिक्त फोकस के संकेत भी दिखे।

‘टीम शोकेस’ के जरिए चुनावी मैसेज

राजनीतिक विश्लेषक सियाराम पांडेय का मानना है कि यह आयोजन भाजपा के लिए ‘टीम शोकेस’ की तरह रहा, जहां पार्टी ने अपनी पूरी सामाजिक और क्षेत्रीय ताकत को एक साथ प्रदर्शित किया। इसका सीधा उद्देश्य कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरना और मतदाताओं के बीच यह संदेश पहुंचाना है कि पार्टी हर स्तर पर तैयार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश

Share this story