मीरजापुर : मगरहा-सीखड़-हासीपुर मार्ग के चौड़ीकरण का टेंडर जारी, 21.83 करोड़ की लागत अनुमानित

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : मगरहा-सीखड़-हासीपुर मार्ग के चौड़ीकरण का टेंडर जारी, 21.83 करोड़ की लागत अनुमानित


मीरजापुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में चुनार क्षेत्र के सीखड़ अंचल में मगरहा-सीखड़-हासीपुर, बगहा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्य के लिए ई-निविदा जारी कर दी गई है। इसकी अनुमानित लागत 21 करोड़ 83 लाख 17 हजार रुपये है। कार्य पूरा करने के लिए 12 माह की अवधि निर्धारित की गई है।

कार्यालय अधीक्षण अभियंता, मीरजापुर वृत्त की ओर से 13 अक्टूबर 2026 को जारी निविदा सूचना के अनुसार, यह कार्य राज्य योजना के तहत स्वीकृति की प्रत्याशा में कराया जाएगा। जीएसटी सहित परियोजना की कुल लागत लगभग 27.20 करोड़ रुपये आंकी गई है। क्षेत्रीय विधायक अनुराग सिंह के प्रयास से टेंडर जारी होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है।

मगरहा-सीखड़-हासीपुर मार्ग सीखड़, हासीपुर, गोरैया, घमहिया, कालूपुर, लालपुर, रामगढ़, प्रेमापुर, फुलहा और छितकपुर समेत दर्जनों गांवों को जोड़ता है। सड़क की जर्जर हालत के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, किसानों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती थी। क्षेत्रीय लोग लंबे समय से सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग कर रहे थे।

टेंडर जारी होने पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं सीटी ब्लॉक प्रभारी प्रमोद पांडेय, तारकेश्वर नाथ मिश्रा, शिवप्रसाद दुबे, धीरज पांडेय, नीरज पांडेय, ज्ञानधर शुक्ला, नीरज सिंह और सर्वेश सिंह सिंटू सहित अन्य लोगों ने विधायक अनुराग सिंह के प्रति आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764850 Articles

Share this story